छत्तीसगढ़

*सभी अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अपने कार्यालय में उपस्थिति का कलेक्टर ने दिया आदेश*

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

बालोद । कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने हेतु सभी अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले के सभी अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यालयीन नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम जनता के समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्हांेने राज्य शासन के निर्देशानुसार क्षेत्रीय निरीक्षण और बाह्य कार्यों के संपादन हेतु गुरूवार एवं शुक्रवार के दिन दौरा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी विभाग प्रमुखों को कार्य योजना बनाकर शासकीय कार्यों का सफल क्रियान्वयन एवं निर्धारित समयावधि में शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मुख्य सचिव श्री विकासशील द्वारा अगले सप्ताह से प्रदेश के प्रत्येक जिलों का दौरा कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्य सचिव के दौरा कार्यक्रम हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने सोमवार 16 फरवरी को डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम पटेली एवं 26 फरवरी को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कमकापार में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण आयोजित करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में शामिल होने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ संयुक्त जिला कार्यालय से सुबह 09 बजे बस से प्रस्थान करेंगे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होेने के लिए कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी अपने शासकीय एवं निजी वाहन का उपयोग नही करेंगे। सभी अधिकारी संयुक्त जिला कार्यालय से एक साथ बस के माध्यम से ही जनसमस्या निवारण शिविर में पहुँचेंगे। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को जन समस्या निवारण शिविर में आम जनता के समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने शिविर में शामिल होने वाले गांवों के मांगों एवं आवश्यकताओं को संकलित कर इसके लिए समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने ई-जिला प्रबंधक को शिविर में आधार कार्ड बनाकर उनका वितरण सुनिश्चित करने, श्रम विभाग के अधिकारियों को अपने विभागीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों के राशियों का भुगतान तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को राजस्व संबंधी आवेदनों के निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियो को जन समस्या निवारण शिविरों में नन्हें-मुन्हें बच्चों का अनिवार्य रूप से अन्नप्राशन कराने तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अनिवार्य रूप से हितग्राहियों का आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाने के अलावा खाद्य विभाग के अधिकारियों को शिविर में राशन कार्ड बनाने तथा राशन कार्ड में नाम जुड़ाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित सभी जनसमस्या निवारण शिविरों में आम जनता के मांगों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित गांवों से जानकारी प्राप्त कर उन्हें सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि सोमवार 16 फरवरी को ग्राम पटेली में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के अवसर पर चावल उत्सव का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने अनुभाग में स्थित शासकीय अस्पतालों में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के विस्तार पर प्रतिबंध लगाने हेतु ततकाल आदेश जारी करने को कहा। कलेक्टर ने गुरूर विकासखण्ड के नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय में 13 से 15 फरवरी तक सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट आयोजित करने की जानकारी दी। उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी को इस तीन दिवसीय इको एडवेंचर फेस्ट में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बैठक में उपस्थित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से सड़क दुर्घटना की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु सड़क के किनारे विचरण करने वाले घुमन्तु मवेशियों की समस्याओं निराकरण हेतु किए जा रहे उपायों की भी जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोकथाम हेतु की जा रही कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन, उत्खनन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
क्रमांक/1266/ठाकुर
–00–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!