
विडंबना: नियमों को दरकिनार कर अवैध कॉलोनियों में सीसी सड़क बनवा रही बालोद नगर पालिका
एक तरफ जहां नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग अवैध प्लाटिंग और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ बालोद नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पालिका द्वारा अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने या उन पर शिकंजा कसने के बजाय, सरकारी खजाने की राशि से वहां सीसी सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध कॉलोनियों की सड़कों को ध्वस्त किया जाए।
इसके बावजूद बालोद पालिका द्वारा 15वें वित्त आयोग (अनटाइड ग्रांट) के तहत स्वीकृत लगभग 37.40 लाख रुपये की राशि से अवैध कॉलोनियों को चमकाने का काम जारी है।
हाल ही में पालिका प्रशासन ने टेंडर जारी कर निर्माण कार्यों की प्रशासनिक मंजूरी दी है।
एक तरफ शासन FIR दर्ज करने और निर्माण ध्वस्त करने का आदेश देता है, वहीं दूसरी तरफ बालोद पालिका उन्हीं अवैध जगहों पर टेंडर निकालकर दलालों की चांदी करा रही है। क्या उच्चाधिकारी बालोद पालिका की इस मनमानी और शासन के आदेशों की अवहेलना पर कोई संज्ञान लेंगे?


