
बालोद, 10 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी 17 मंडलों में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान तथा 11 से 13 अगस्त तक तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि “आइए, हम सब मिलकर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाएं और इस राष्ट्रीय पर्व को उमंग एवं उत्साह के साथ मनाएं।” उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत की गई थी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

भाजपा जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर देशवासियों के उत्साह का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि गरीब हो या अमीर, छोटा घर हो या बड़ा, जब प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराता है तो वह दृश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि “अलग है भाषा, धर्म, जाति, प्रांत, भेष और परिवेश, पर सबका एक है गौरव ध्वज—तिरंगा विशेष।”

जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने बताया कि जिले के प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों एवं प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को प्रेरित किया जाएगा। जहां संभव होगा, वहां बच्चों के हाथों से भी ध्वजारोहण कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “हर घर तिरंगा अभियान के इस भगीरथ कार्य में सभी अपना योगदान दें और अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे का सम्मान करें।”
तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम के जिला संयोजक हरीश कटझरे ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, युद्ध स्मारकों एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जगहों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान के उपरांत संबंधित स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के अभियान को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उत्सव से भी जोड़ा गया है। इसके तहत जिला पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक भव्य तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही नागरिकों को अपने घरों, कार्यालयों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन एवं जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनभागीदारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामूहिक वंदे मातरम् गायन, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय भवनों पर तिरंगा रोशनी सहित विभिन्न आयोजन शामिल हैं। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने जिलेवासियों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को देशभक्ति, उमंग और उत्साह के साथ मनाएं।
“कर सलाम तिरंगे को, जिससे हमारी शान है,
घर-घर तिरंगा लहराए, यही हमारी पहचान है।”
कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद



