बालोदलोकल न्यूज़

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त पवित्र कलश का बालोद में भव्य स्वागत

 

बालोद। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई माटी युक्त पवित्र कलश का आज बालोद जिले में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।

गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 1100 दीपों के भव्य दीपोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात यह पवित्र कलश छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचा।

रायपुर स्थित श्री राम मंदिर में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के पूज्य संत-महात्माओं की साक्षी में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत सम्मानपूर्वक यह पवित्र कलश प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को सौंपा गया, ताकि समरसता का यह संदेश प्रदेश के प्रत्येक गांव और नगर तक पहुंच सके।

इसी क्रम में बालोद जिले की कलश यात्रा टोली द्वारा माटी युक्त पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक रथ में स्थापित कर जिले में लाया गया। जिले में प्रवेश के पश्चात बंजारी मंदिर, जुंगेरा में वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह पवित्र कलश आगामी दिनों में 10 अगस्त से पूरे बालोद जिले के सभी मंडलों का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के समरस समाज, सामाजिक समानता, भाईचारे एवं मानव कल्याण के संदेश को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। वाराणसी से लाई गई पावन माटी का स्वागत एवं समरसता जागरण अभियान जिलेभर में निरंतर आयोजित किया जाएगा, जिससे सामाजिक सद्भाव, एकता और समरसता का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।

उल्लेखनीय है कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, संत रविदास जयंती कार्यक्रम के संयोजक एवं टोली सदस्य टीनेश्वर बघेल, कौशल साहू, सोमेश सोरी, जयलाल मालेकर, टी.आर. डहरे, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला मंत्री प्रेम साहू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. मोना टूवानी, महामंत्री संगीता साहू,लोकेश श्रीवास्तव, अरुण साहू, अश्वन बारले, संजय साहू, दुर्जन साहू, वीरेंद्र साहू, छगन साहू, बंजारी मंदिर के पुजारी दिनेश द्विवेदी, सुदामा साहू, उपेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

कमल पनपालिया

मीडिया प्रभारी

भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!