नया रायपुर में छात्रवृत्ति योजना 2026 के तहत 12 करोड़ 26 लाख से अधिक राशि का वितरण, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित द्वारा संग्रह परिवारों के प्रतिभावान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्रवृत्ति योजना 2026 अंतर्गत राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन 11 मई 2026 को सेक्टर-24 स्थित एम-10 भवन, नया रायपुर में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सरकारी संघ मर्यादित के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने मंत्री केदार कश्यप को गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी एमडी संगीता गुप्ता ने छात्रवृत्ति योजना 2026 के उद्देश्यों एवं इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से संग्रह परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी और उनका भविष्य बेहतर बन सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वन उपज संग्रहकर्ताओं के परिवारों के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को लेकर विशेष चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे बड़ा माध्यम है और सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेगी
मुख्य अतिथि केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल सही अवसर और प्रोत्साहन की होती है। सरकार द्वारा चलाई जा रही छात्रवृत्ति योजनाएं विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इसके पश्चात मंत्री केदार कश्यप के करकमलों द्वारा डिजिटल माध्यम से छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 12 करोड़ 26 लाख 7 हजार 500 रुपये की राशि का वितरण किया गया। राशि वितरण की घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।
कार्यक्रम में साय सलाम अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोंपज सहकारी संघ मर्यादित , वनोपज संघ के एमडी, पीसीसीएफ अनिल साहू, डिप्टी एमडी संगीता गुप्ता, डीएफओ यादव रामचंद्र सहित छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

