बालोदलोकल न्यूज़

सुशासन तिहार में उमड़ी जनता, पार्षद दीपक लोढा ने मौके पर ही कराया समस्याओं का समाधान

बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के तहत मंगलवार को वार्ड क्रमांक 10 स्थित सरदार पटेल मैदान में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे, जहां मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया।


शिविर में वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद दीपक लोढा ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक मामलों में तत्काल कार्रवाई करवाई।
नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। शिविर में विशेष रूप से पेंशन, राशन कार्ड, साफ-सफाई, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे।
शिविर में महिलाओं और वृद्धजनों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। वहीं छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के लिए महतारी वंदन योजना के आवेदन भरवाए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के नए आवेदन एवं लंबित किस्तों की जानकारी भी हितग्राहियों को दी गई।


शिविर में पहुंचे नागरिकों ने व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन इस शिविर में उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो गया।
पार्षद दीपक लोढा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम हो रही है तथा लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!