
डौंडी में बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर गरमाई सियासत; राकेश यादव का दो टूक सवाल— जनता की जिंदगी से बड़ा कोई प्रोजेक्ट नहीं!
डौंडी विकासखंड के खनन प्रभावित अंचलों में दशकों से उपेक्षित पड़ी मूलभूत सुविधाओं को लेकर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश कुमार यादव का कड़ा रुख सामने आया है।
सुरक्षित पेयजल, पक्की सड़कों और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब जनता जीवन रक्षक प्राथमिकताओं के लिए तरस रही हो, तब गैर-जरूरी प्रोजेक्ट्स पर जनता का पैसा बहाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन और योजनाकारों की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विकास की परिभाषा केवल बड़े ढांचों के निर्माण तक सीमित नहीं हो सकती।
जहां एक-एक बूंद स्वच्छ पानी और चलने लायक सड़क के लिए ग्रामीण संघर्ष कर रहे हैं, वहां सरकारी खजाने की पहली पाई जनस्वास्थ्य, पेयजल समाधान और आवागमन की सुगमता पर खर्च होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत को नजरअंदाज कर जनता के संसाधनों के साथ ऐसा असंतुलित रवैया कतई स्वीकार्य नहीं होगा।



