छत्तीसगढ़बालोद

*जिला अस्पताल में युवक कांग्रेस का हल्ला बोल,,,,व्यवस्था सुधारने किया प्रदर्शन 7 दिन में नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा उग्र आंदोलन*

*जिला अस्पताल बालोद की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर जिला युवा कांग्रेस का कड़ा विरोध, स्वास्थ्य मंत्री का प्रतीकात्मक शव रखकर मनाई शोकसभा, 7 दिनों का अल्टीमेटम*

 

बालोद। जिला अस्पताल बालोद में लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था, डॉक्टरों की मनमानी एवं मरीजों को हो रही परेशानियों के विरोध में जिला युवा कांग्रेस ने आज जोरदार तरीके से अपनी आवाज बुलंद की। जिला अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल का प्रतीकात्मक शव रखकर शोकसभा आयोजित की गई तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी श्री माली जी को 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान एसडीएम मैडम भी उपस्थित रहीं।

 

जिला युवा कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस जिला अस्पताल पर जिले के गरीब, मजदूर, किसान, मध्यमवर्गीय एवं आम नागरिक अपनी जान और स्वास्थ्य की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, यदि वही अस्पताल अव्यवस्थाओं का केंद्र बन जाए, तो आम जनता आखिर जाए तो जाए कहां?

 

अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर अनुपस्थिति, मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं होना, सरकारी अस्पताल की जिम्मेदारियों के बजाय निजी क्लीनिकों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायतें तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी बेहद चिंताजनक है। जिला अस्पताल धीरे-धीरे उपचार केंद्र के बजाय केवल रेफरल सेंटर बनता जा रहा है। यह जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

प्रतीकात्मक शोकसभा के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री को संदेश दिया गया कि आप जिस संवैधानिक पद पर बैठे हैं, उस पद की जिम्मेदारी और अधिकारों का सदुपयोग करते हुए बालोद जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराएं। केवल घोषणाओं और कागजी व्यवस्थाओं से जनता का इलाज नहीं होगा, अस्पताल में धरातल पर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।

 

जिला युवा कांग्रेस ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। यदि निर्धारित समय में 7 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो जिला अस्पताल के सामने व्यापक एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी स्वास्थ्य विभाग एवं शासन-प्रशासन की होगी।

 

हमारा सवाल सीधा है—जब जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल ही मरीजों को बेहतर इलाज नहीं दे पा रहा है, तो गरीब और आम आदमी अपनी उम्मीद लेकर आखिर कहां जाए?

 

जिला युवा कांग्रेस स्पष्ट करना चाहती है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि बालोद जिले की जनता के स्वास्थ्य अधिकार और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए है। अब आश्वासन नहीं, धरातल पर परिणाम चाहिए।

 

जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला अस्पताल की व्यवस्था सुधरने तक जिला युवा कांग्रेस की आवाज और संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!