
सीएमओ साहब का ‘फिटकरी ज्ञान: ₹26 की चीज ₹39 में खरीदना ‘मजबूरी’ है भाई, दिल पर पत्थर रखकर खा रहे हैं मलाई!
अगर आप सोचते हैं कि महंगाई सिर्फ आपके रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल में बढ़ रही है, तो आप अज्ञानी हैं। असली महंगाई का दर्द तो बालोद नगर पालिका के सीएमओ साहब झेल रहे हैं।
बेचारे इतने मजबूर हैं कि जनता का पैसा पानी की तरह बहाकर, पानी साफ करने वाली फिटकरी (एलम) खरीद रहे हैं। मामला बालोद के 5 एमएलडी फिल्टर प्लांट का है, जहां हाल ही में 39 रुपये प्रति किलो के भाव से 13 टन फिटकरी खरीदी गई है।
अब जरा इसी जिले के देवरी (गुंडरदेही) का हाल देखिए। वहां के 4 एमएलडी फिल्टर प्लांट वाले तो बिल्कुल ‘अनाड़ी’ निकले। उन्होंने बकायदा टेंडर (निविदा) निकाल दी।
अब टेंडर निकाला तो कोई ‘मजबूरी’ बची नहीं, और सप्लायरों ने 26 से 27 रुपये प्रति किलो में ही फिटकरी दे दी। सोचिए, देवरी वाले कितने पिछड़े हैं, जो सिर्फ ₹26 किलो की फिटकरी से पानी साफ कर रहे हैं। असली विकास तो बालोद में है, जहां ₹39 किलो वाली ‘शाही’ फिटकरी से पानी चमकाया जा रहा है!



