
*भूपेश राज में चुप, भाजपा राज में हल्ला – सभापति संध्या का संगीता पर हमला*
*गुरुर/बालोद।* विधानसभा में विधायक संगीता सिन्हा द्वारा नगर पंचायत गुरुर के अध्यक्ष प्रदीप साहू और उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू के मामले को लेकर उठाए गए सवाल का करारा जवाब जनपद पंचायत गुरुर की सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने दिया है।
सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने कहा कि जिस समय प्रदीप साहू ने 4 साल पहले घर बनाया था, उस समय भी संगीता सिन्हा ही विधायक थीं। भूपेश सरकार में शासन-प्रशासन सब आपके साथ था, तब आपने विधानसभा में यह बात क्यों नहीं रखी। आज भाजपा की सरकार में आप फिर विधायक हैं तो भाजपा को बदनाम करने की राजनीति कर रही हैं, जो बिल्कुल अच्छी बात नहीं है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भूपेश सरकार में लोग सट्टा, जुआ और शराब में डूबे थे, तब आप गहरी नींद में सोई हुई थीं। भाजपा सरकार आते ही आप जाग गई हैं, इसके लिए आपको भाजपा सरकार को धन्यवाद देना चाहिए जिसने आपको जगाया है।
संध्या साहू ने कहा कि अगर प्रदीप साहू ने अवैध कब्जा किया है तो मामला कोर्ट में विचाराधीन है, निर्णय आ जाएगा। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू का मामला भी न्यायालय में है, फैसला आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा।
उन्होंने अंत में स्पष्ट किया कि ग्राम बोडरा निवासी दुर्गानंद साहू ने कोई भी अवैध कब्जा नहीं किया है। विधानसभा में जिस कब्जे की बात की जा रही है, वहां दुर्गानंद साहू जी पहले रहते थे, पर चार साल पहले से ही उस जगह पर अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। उन पर जबरदस्ती आरोप लगाया जा रहा है।




