*दल्ली राजहरा में विकास पर नहीं, भ्रम फैलाने पर उतारू है कांग्रेस,,,, भाजपा के शासन मे दल्ली मे होगा विकास – सौरभ लुनिया*

*दल्ली राजहरा में विकास पर नहीं, भ्रम फैलाने पर उतारू है कांग्रेस : सौरभ लुनिया*
दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा नगर पालिका में संचालित विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक भेदभाव के आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और जनता को भ्रमित करने का प्रयास बताया है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नगर के विकास को राजनीति का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि प्रत्येक वार्ड का समान, संतुलित और पारदर्शी विकास सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्य शासन के निर्धारित नियमों, तकनीकी मानकों तथा स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर स्वीकृत किए जाते हैं। किसी भी योजना या निर्माण कार्य में राजनीतिक विचारधारा अथवा दलगत आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता और न ही उसका उपयोग राजनीतिक आधार पे किया जाता है , नगर पालिका द्वारा वार्डों की वास्तविक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं का आकलन कर सड़क, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अधोसंरचना विकास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं। जिन वार्डों में वर्तमान चरण में कार्य स्वीकृत हुए हैं, उनके अतिरिक्त अन्य वार्डों के प्रस्ताव भी तैयार कर शासन को भेजे जा चुके हैं, ताकि आगामी चरणों में वहाँ भी विकास कार्य प्रारंभ किए जा सकें।
सौरभ लुनिया ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में नगर पालिका का उद्देश्य किसी विशेष क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरे दल्ली राजहरा का समग्र विकास करना है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र नागरिक और प्रत्येक वार्ड तक पहुँचाने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। जनता के कर से प्राप्त प्रत्येक रुपये का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दल्ली राजहरा को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर खेल स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट,वर्षों से लटकी जलावर्धन योजना को भाजपा सरकार आते ही मंजूरी मिली, सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति दी गई है। 15वें वित्त आयोग तथा अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्य भी वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप कराए गए हैं। भाजपा ने कभी भी किसी वार्ड के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं किया, चाहे उस वार्ड का प्रतिनिधित्व किसी भी दल के जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाता हो।
उन्होंने कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन नेताओं के पास जनता के बीच रखने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचता, वे विकास कार्यों पर भी अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास करते हैं। यदि किसी वार्ड में अतिरिक्त विकास कार्यों की आवश्यकता है तो उसका समाधान प्रशासनिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, न कि निराधार आरोप लगाकर।
सौरभ लुनिया ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय नगर को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया।
भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को कांग्रेस की वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया को के कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदेश सरकार में मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी वे दल्ली राजहरा के लिए कोई ऐसी बड़ी और स्थायी विकास परियोजना नहीं ला सकीं, जिसे आज नगर की जनता याद करे। उनके कार्यकाल में नगर की कई वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याएँ जस की तस बनी रहीं।
इतना ही नहीं, पूर्व कांग्रेस शासित नगर पालिका परिषद पर भाजपा पार्षदों के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के कार्यों की उपेक्षा करने के आरोप भी लगते रहे। इसके विपरीत वर्तमान भाजपा नेतृत्व ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर केवल नगरहित को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा आज दल्ली राजहरा के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है ताकि नगर को आधुनिक, व्यवस्थित और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके।
अंत में सौरभ लुनिया ने कांग्रेस से विकास कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को समझ चुकी है। निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने से वास्तविकता नहीं बदलेगी। भारतीय जनता पार्टी भविष्य में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से दल्ली राजहरा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।



