
बालोद। (संजीव नायर मणि) चंडीगढ़ में आयोजित ‘खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026’ में बालोद जिले की प्रतिभागी अर्पणा वर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। बिना किसी विशेष अभ्यास के प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का शानदार परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दौरान अर्पणा वर्मा ने 3 किलोमीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 5 किलोमीटर पैदल चाल में रजत पदक तथा 5 किलोमीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया।
अर्पणा वर्मा की इस उपलब्धि से न केवल बालोद जिले का नाम रोशन हुआ है, बल्कि यह भी सिद्ध हुआ है कि मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। आप जीवविज्ञान की व्याख्याता है, और जिला के लोहारा ब्लाक के संजारी स्कूल में पदस्थ है उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा लोगों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा (आईएएस), जिला बालोद, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अर्पणा वर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। उन्होंने अर्पणा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उल्लेखनीय सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है तथा यह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
इसके साथ ही संयुक्त कलेक्टर मधु हर्ष द्वारा भी अर्पणा वर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने भी अर्पणा वर्मा को बधाई देते हुए उनके सतत प्रगति एवं सफल भविष्य की कामना की।
अर्पणा वर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों को देते हुए सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि अर्पणा वर्मा ने वर्ष 2024 में “Mrs. Diva of Chhattisgarh” का खिताब अपने नाम किया, साथ ही वर्ष 2025 में गोवा में आयोजित ब्यूटी पेजेंट में “Mrs. India International” का खिताब जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मैं अपनी इस सफलता के लिए अपने कोच श्री नरेंद्र नशीने सर का विशेष रूप से हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिनके कुशल मार्गदर्शन, निरंतर प्रेरणा एवं अमूल्य सहयोग से मैं इस मुकाम तक पहुँच पाई हूँ। साथ ही मैं अपने पति श्री ब्रह्मानंद वर्मा जी का भी तहे दिल से धन्यवाद करती हूँ, जिनके निरंतर सहयोग, उत्साहवर्धन और विश्वास ने मुझे हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके बिना यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती।



