बालोदलोकल न्यूज़
बालोद मंडी टेंडर घोटाला: रात के अंधेरे में हुआ ‘खेल’, चहेतों को रेवड़ी बांटने की साजिश उजागर; कलेक्टर की चौखट पहुंची शिकायत

संपादक – संजीव मणि नायर
सरकारी टेंडरों में पारदर्शिता और निष्पक्षता के बड़े-बड़े दावों की हवा निकालते हुए कृषि उपज मंडी बालोद में एक बड़ा कारनामा सामने आया है।
नियमों की धज्जियां उड़ाकर चहेते ठेकेदारों को उपकृत करने और सरकारी राजस्व को चूना लगाने का एक ऐसा ‘सुनियोजित खेल’ रचा गया है, जिसने प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है।
इस पूरे मामले में पीड़ित ठेकेदार ने सीधे जिला कलेक्टर के पास मोर्चा खोलते हुए निविदा को तत्काल निरस्त करने और इस ‘काले कारनामे’ की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
टेंडर विज्ञापन की मूल शर्त के मुताबिक 07.07.2026 की शाम 5:30 बजे तक टेंडर फॉर्म बेचे जाने थे।
लेकिन बिना किसी आधिकारिक ‘शुद्धिपत्र’ या सूचना के, तय समय पर फॉर्म का विक्रय ही नहीं किया गया। अधिकारियों ने नियमों को अपनी जेब में रखकर मनमर्जी चलाई।

