क्राइमछत्तीसगढ़बालोद

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 56 ग्राम हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार,तीनों आरोपियो के बालोद से जुड़े हैं तार

धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

थाना अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 16.24 लाख रुपये आंकी गई है, जो जिले में अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मानी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास एक कार में हेरोइन की सप्लाई किए जाने की सूचना पर घेराबंदी की गई। मौके पर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान 56 ग्राम हेरोइन, एक मारुति स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई।

इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी को पुलिस ने नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया है। वह पिछले आठ महीनों से पुलिस की निगरानी में था और रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद व धमतरी समेत कई जिलों में सक्रिय था। वह बार-बार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के चलते आखिरकार गिरफ्त में आ गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि इस्लामुद्दीन पंजाब से ट्रेन के जरिए हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। पिछले डेढ़ से दो वर्षों से वह इस अवैध कारोबार में सक्रिय था, जिससे एक अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क के तार जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पुलिस को इस नेटवर्क की जानकारी एक दिन पहले सिटी कोतवाली में हुई कार्रवाई के दौरान मिली थी, जब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में इस गिरोह का खुलासा हुआ। इसके बाद रणनीतिक रूप से विभिन्न जिलों में सूचना तंत्र सक्रिय किया गया और पुख्ता सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में निजामुद्दीन कुरैशी (28 वर्ष), अनिता नेताम (37 वर्ष) और मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34 वर्ष), सभी निवासी मुसलमानपारा, बालोद शामिल हैं। तीनों के खिलाफ थाना अर्जुनी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के खिलाफ सख्ती जारी रखने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि इस अभियान के चौथे चरण में हाल ही में करीब 30 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!