छत्तीसगढ़धार्मिकबालोदसामाजिक

*नौ चार,,,,जपो नवकार,,,,विश्व नवकार दिवस के अवसर पर बालोद में होगा भव्य आयोजन,,,,जैन श्री संघ ने समाजिक संगठनों से किया शामिल होने अपील*

बालोद  जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) के तत्वावधान में 9 अप्रैल 2026 को विश्व के 120 देशों में एक साथ “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” का ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत बालोद का आयोजन स्थानीय महावीर भवन में प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जैन श्री संघ के अध्यक्ष ताराचंद सांखला ने बालोद वासियों से अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, अहिंसा, सद्भाव और आत्मिक उन्नति का महायज्ञ है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं, युवक-युवतियों तथा अन्य सभी घटकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में दादाबाड़ी धाम पहुँचकर इस पवित्र सामूहिक जाप में भाग लें।
श्री सांखला ने कहा, “नवकार महामंत्र में वह दिव्य शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और सम्पूर्ण विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। 9 अप्रैल को हम सब मिलकर इस दिव्य ध्वनि से पूरे वातावरण को पवित्र करेंगे और मानवता को अहिंसा व शांति का संदेश देंगे।”
इस अवसर पर जैन समाज के 14 प्रमुख घटक—श्रमण-श्रमणी, श्रावक-श्राविका, युवक-युवती, महिला मंडल, सामाजिक संस्थाएं, धार्मिक संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थाएं, ट्रस्ट, व्यापारी वर्ग, प्रोफेशनल्स एवं सेवा संगठन—एकजुट होकर इस महामंत्र जाप में सहभागी होंगे।
विशेष उल्लेखनीय है कि इस वैश्विक आयोजन में भारत के गृह मंत्री अमित शाह जी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे जिससे इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष (9 अप्रैल 2025) को JITO द्वारा आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस में 108 देशों के 6,000 से अधिक स्थानों पर लगभग 1 करोड़ 88 लाख लोगों ने एक साथ नवकार मंत्र का जाप किया था। इस वर्ष इसे और भी भव्य एवं व्यापक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
जैन श्री संघ के अध्यक्ष ताराचंद सांखला ने बालोद के समस्त संघों, ट्रस्टों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से इस आयोजन में शामिल होने का अनुरोध करते हुए कहा कि 9 अप्रैल 2026, प्रातः 8:00 बजे से 9 बजे तक स्थानीय महावीर भवन में पहुँचकर इस ऐतिहासिक और पुनीत आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!