बालोदलोकल न्यूज़
धन्यवाद नगर पालिका! आपके निकम्मेपन ने वार्डवासियों को बनाया ‘आत्मनिर्भर’, खुद उठाया तालाब सफाई का जिम्मा

बालोद। देश में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का नारा भले ही ऊपर से चल रहा हो, लेकिन इसे जमीनी स्तर पर सच कर दिखाने का असली श्रेय हमारे स्थानीय नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार हुक्मरानों को जाता है।

उनकी घोर उदासीनता, फाइलों को दबाए रखने की अद्भुत कला और “आगे देखेंगे” वाले रवैये से प्रेरित होकर आखिरकार वार्डवासियों ने खुद को पूरी तरह आत्मनिर्भर घोषित कर दिया।
सालों से गंदगी और जलकुंभी से लबालब तालाब की सुध लेने जब कोई सरकारी ‘मसीहा’ नहीं पहुंचा, तो वार्डवासियों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने प्रशासनिक अमले को और गहरी नींद सोने की खुली छूट देते हुए खुद ही तालाब की सफाई शुरू कर दी।
साधुबन तालाब का जो नजारा था, वह बालोद नगर पालिका के लिए चुल्लू भर पानी ढूंढने जैसा था। वार्डवासियों के इस सराहनीय कदम ने यह साबित कर दिया है कि अगर समाज ठान ले, तो बिना सरकारी बजट और प्रशासनिक तंत्र के भरोसे बैठे भी बड़े बदलाव किए जा सकते हैं।



